रेणुका जी में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बाइक सवार ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर
नाहन, 28 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले के रेणुका जी क्षेत्र में कानून की धज्जियां उड़ाने का एक मामला सामने आया है, जहां एक बेलगाम मोटरसाइकिल सवार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। घटना सोमवार 27 अप्रैल की है, जब रेणुका जी पुलिस की टीम विशेष अभियान के तहत ददाहु-नाहन सड़क पर ‘दृष्टि होटल’ के पास यातायात चेकिंग कर रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चेकिंग के दौरान बायरी की तरफ से एक मोटरसाइकिल (नंबर HP18C-8084) आई। जब पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, तो उसने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति और बढ़ा दी। लापरवाही से कट मारते हुए भागने की कोशिश में चालक का हेलमेट ड्यूटी पर तैनात राजिन्द्र सिंह की नाक पर जोर से लगा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी की नाक से खून बहने लगा और वह चोटिल हो गए।
घायल पुलिसकर्मी को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल ददाहु ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल करवाया गया। पुलिस का कहना है कि यह हादसा मोटरसाइकिल चालक द्वारा वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाने के साथ-साथ पुलिस के इशारे को जानबूझकर नजरअंदाज करने की वजह से हुआ है।
इस संदर्भ में पुलिस थाना रेणुका जी में आरोपी चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर