हिमाचल में सात एचएएस अधिकारियों के तबादले, तीन को नई जिम्मेदारी

 




शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सात एचएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इनमें तीन अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि चार अधिकारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा गया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों के तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

सिद्धार्थ आचार्य को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वह अभी तैनाती का इंतजार कर रहे थे। राजिंदर कुमार गौतम को सचिवालय प्रशासन विभाग (एसएडी) में उप सचिव लगाया गया है। वह भी तैनाती का इंतजार कर रहे थे।

संजीव ठाकुर का तबादला जयसिंहपुर के एसडीएम पद से जिला पर्यटन विकास अधिकारी, कांगड़ा के पद पर किया गया है। उनका मुख्यालय धर्मशाला रहेगा। इस पद पर तैनात विनय धीमान को कार्मिक विभाग (पूल), हिमाचल प्रदेश सचिवालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बलिचौकी के एसडीएम बचित्तर सिंह को जयसिंहपुर का एसडीएम लगाया गया है।

बबीता धीमान को घुमारवीं में सहायक आयुक्त (राजस्व)-कम-तहसीलदार के पद से तबादला कर कुल्लू के उपायुक्त के सहायक आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के साथ रोहित शर्मा को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कुल्लू का अतिरिक्त कार्यभार छोड़ना होगा। रजत चौधरी को हमीरपुर में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-खंड विकास अधिकारी के पद से स्थानांतरित कर भोरंज में इसी पद पर तैनात किया गया है।

कुलवंत सिंह को चौपाल के एसडीएम हेम चंद वर्मा के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करते हुए एसडीएम कुपवी नियुक्त किया गया है। वह अभी तैनाती का इंतजार कर रहे थे।

इस बीच, एक अन्य अधिसूचना में तैनाती का इंतजार कर रहे एचपीएस अधिकारी मदन लाल को प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन बंगाणा का कमांडेंट लगाया गया है। वहीं, इस पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी डॉ. आकृति को पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा