हिमाचल में छह पुलिस अधिकारियों के तबादले
शिमला, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए छह एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा डीएसपी हरीश कुमार शर्मा को पुलिस लाइन भराड़ी में तैनात किया गया है। मुख्य सचिव केके पंत की ओर से जारी आदेशों के अनुसार अधिकारियों को विभिन्न बटालियनों, जिलों और पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अधिसूचना के अनुसार जुंगा स्थित प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात बबीता राणा को फर्स्ट इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन), वनगढ़, ऊना में एएसपी (लीव रिजर्व) नियुक्त किया गया है। ऊना में डीएसपी विजिलेंस के पद पर कार्यरत फिरोज खान को डीएसपी इंटेलिजेंस शिमला के पद पर तैनाती दी गई है।
पंडोह स्थित थर्ड इंडियन रिजर्व बटालियन में डीएसपी अजय कुमार-तीन को कुल्लू जिले के मनाली में डीएसपी लगाया गया है। पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे डीएसपी संजीव कुमार-चार को डीएसपी लीव रिजर्व, शिमला नियुक्त किया गया है।
इसी तरह, ऊना में डीएसपी मुख्यालय के पद पर कार्यरत हेम राज को पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी लीव रिजर्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनाली के डीएसपी विक्रांत बोंसरा को भी पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी लीव रिजर्व के पद पर तैनात किया गया है। उनके पास लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीएसपी का अतिरिक्त कार्यभार भी था।
इसके अतिरिक्त डीएसपी हरीश कुमार शर्मा को पुलिस लाइन भराड़ी में तैनात किया गया है। सरकार के इन आदेशों के तहत पुलिस विभाग में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा