हिमाचल में तीन पुलिस अधिकारियों के तबादले में बदलाव, रामाकांत ठाकुर की विजिलेंस में तैनाती
शिमला, 24 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश में बदलाव किया है। गृह विभाग ने वीरवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नए आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
अधिसूचना के अनुसार 2017 बैच के पुलिस अधिकारी रामाकांत ठाकुर का तबादला बदल दिया गया है। वह अभी सिरमौर जिले के नाहन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के पद पर तैनात हैं। 10 अगस्त 2026 के आदेश में उन्हें बिलासपुर जिले के श्री नैना देवीजी में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी के पद पर भेजा गया था। अब उन्हें नाहन में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। यह पद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद के विरुद्ध है।
2017 बैच के पुलिस उपाधीक्षक शक्ति सिंह का तबादला शिमला से सिरमौर किया गया है। वह अभी शिमला जिले में पुलिस उपाधीक्षक, अवकाश आरक्षित के पद पर तैनात हैं। उन्हें सिरमौर जिले के नाहन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय बनाया गया है।
2018 बैच के पुलिस उपाधीक्षक सिद्धार्थ शर्मा का तबादला रद्द कर दिया गया है। वह अभी शिमला जिले के ठियोग में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी के पद पर तैनात हैं। 10 अगस्त 2026 के आदेश में उन्हें नाहन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के पद पर भेजा गया था। अब उनका यह तबादला आदेश रद्द कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा