कुल्लू के उपायुक्त बदले, सुरजीत सिंह को मिला अतिरिक्त कार्यभार

 


शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कुल्लू के उपायुक्त (डीसी) अनूराग चंद्र शर्मा का तबादला कर दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। उनकी अगली तैनाती बाद में की जाएगी। यह आदेश बुधवार को कार्मिक विभाग ने जारी किया।

सरकार ने कुल्लू में तैनात अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक, डीआरडीए सुरजीत सिंह (एचएएस-2012) को कुल्लू के उपायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वे अपने मौजूदा पद के साथ डीसी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। सरकार ने कहा है कि यह फैसला जनहित में लिया गया है।

कार्मिक विभाग की अधिसूचना के अनुसार अनूराग चंद्र शर्मा (आईएएस-2016) का तबादला सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिश पर किया गया है। उन्हें कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से उनकी अगली तैनाती तय होगी।

कुल्लू में यह दूसरा बड़ा प्रशासनिक बदलाव है। इससे पहले जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी उनके पद से हटाया गया था। अब एसपी के बाद कुल्लू के डीसी को भी बदल दिया गया है।

बता दें कि कसौल रेव पार्टी मामले की सुनवाई के दौरान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कुल्लू के डीसी और एसपी को हटाने के निर्देश दिए थे। माना जा रहा है कि राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के इन निर्देशों की अनुपालना में यह आदेश जारी किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा