आयुष और स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के तबादले
शिमला, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कार्यरत डॉक्टरों के तबादले और समायोजन के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत आयुष विभाग में चार आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों के तैनाती स्थल में बदलाव किया गया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में एक डायरेक्ट मेडिकल ऑफिसर की नई जगह पर तैनाती की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार आयुष विभाग ने कांगड़ा जिले में दो आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों का तबादला किया है। डॉ. सुनीता कुमारी को मुल्थान से कोठली और डॉ. निधि शर्मा को धूपकियारा से बुहाना स्थित राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त डॉ. पंकज डोगरा का शिमला जिले के स्रोग से सोलन जिले के सटरोल स्थित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में समायोजन किया गया है। डॉ. निशांत मोगटा को शिमला जिले के कढारघाट में समायोजित किया गया है।
उधर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने डायरेक्ट मेडिकल ऑफिसर डॉ. हर्षिता कश्यप (रेडियो डायग्नोसिस) की तैनाती में बदलाव किया है। उन्हें जोनल अस्पताल धर्मशाला से स्थानांतरित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्गा, जिला शिमला में तैनात किया गया है। सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थलों पर तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा