हिमाचल में 14 पुलिस अधिकारियों के तबादले, चार जिलों के एसपी बदले

 




शिमला, 05 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 14 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियां की हैं। इस फेरबदल में शिमला, ऊना, सोलन और मंडी जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बदले गए हैं। इस सम्बंध में गुरूवार देर शाम आदेश जारी किए गए।

इसके तहत आईपीएस अधिकारियों में सोलन के एसपी गौरव सिंह को बदलकर अब शिमला का एसपी तैनात किया गया है। जबकि सचिन हिरामथ को ऊना जिले का एसपी बनाया गया है। तिरुमलराजु एसडी वर्मा को सोलन जिले का एसपी लगाया गया है। मंडी जिले में एचपीएस अधिकारी बिनोद कुमार-I को एसपी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (कम्युनिकेशन एवं टेक्निकल सर्विसेज) की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह डॉ. डी.के. चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक (आर्म्ड पुलिस एवं ट्रेनिंग) नियुक्त किया गया है। रोहित मलपानी को डीआईजी साइबर क्राइम बनाया गया है, जबकि आईपीएस डॉ. रमेश चंदर छाजटा को डीआईजी प्रिज़न्स एवं करेक्शनल सर्विसेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवाकर शर्मा को डीआईजी इंटेलिजेंस एवं सिक्योरिटी, धर्मशाला तैनात किया गया है।

आईपीएस साक्षी वर्मा को एसपी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मंडी लगाया गया है। अरविंद चौधरी को चौथी इंडियन रिजर्व बटालियन जंगलबेरी का कमांडेंट बनाया गया है और उनके पास एसटीएफ मंडी जोन का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। आईपीएस संदीप कुमार भारद्वाज को राज्यपाल के एडीसी के रूप में तैनात किया गया है। आईपीएस संजीव कुमार गांधी, जो शिमला के एसपी थे, अब डीआईजी बनाए गए हैं और उनकी सेवाएं कार्मिक विभाग को सौंपी गई हैं।

इसके अलावा आईपीएस सौम्या संबासिवन को पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और आईपीएस अमित यादव को तुरंत पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के आदेश जारी किए गए हैं।

एचपीएस अधिकारी रमण शर्मा को पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा