पर्यटकों को महंगी पड़ी नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत कर कार चलाने की चालाकी, पुलिस ने किया मोटा चालान
मंडी, 05 अगस्त (हि.स.)। तेज स्पीड, संदिग्ध हरकतों या अन्य मोटर वाहन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सीसीटीवी कैमरों की नजर व पुलिस के चालानों से बचने की चालाकी हरियाणा व राजस्थान के पर्यटकों को महंगी पड़ी। चंडीगढ़ से कुल्लू मनाली यात्रा के दौरान फोरलेन पर सरपट भागते हुए हरियाणा के नाहरा सोनीपत के रहने वाले इन पर्यटकों ने अपनी महंगी कार एचआर 10 एएक्स 0523 की नंबर प्लेट पर आगे पीछे दोनों ओर मिट्टी इस तरह से पोत रखी थी ताकि स्पीड को आंकने वाले कैमरों की नजर में यह न आए मगर जब यह गाड़ी मंडी क्षेत्र से गुजर रही थी यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी की इस पर नजर पड़ गई। वाहन को रोका गया और पहले तो इस मिट्टी को हटवाया गया और फिर 3500 रूपए का चालान काटते हुए भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी दी गई।
इसी तरह गंगानगर राजस्थान से आए पर्यटकों ने भी इसी तरह की हरकत को दोहरा रखा था। उनका भी 3000 रूपए का चालान किया गया। पुलिस ने बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों से आग्रह किया है कि वह देवभूमि में एक पर्यटक की तरह आएं, यातायात नियमों का पालन करते हुए यहां के सौंदर्य का आनंद लें। गैरकानूनी हरकतें न करें। ऐसा करने पर पुलिस किसी भी हालत में नरमी नहीं बरतेगी क्योंकि ऐसे कारनामों से अन्य लोगों को परेशानी होती है तथा सुचारू आवागमन में बाधा पैदा होती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अभिमन्यु वर्मा ने दोनों ही मामलों को अपनी पोस्ट पर शेयर करते हुए पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा