गर्मी से राहत पाने शिमला पहुंचे सैलानी, 80 फीसदी तक होटल भरे

 




शिमला, 02 मई (हि.स.)। देश के मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। शनिवार सुबह से ही शहर में पर्यटकों की आवाजाही तेज हो गई और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भीड़ नजर आई। माल रोड, रिज, कुफरी, लोअर बाजार और लक्कड़ बाजार में सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है। ऐतिहासिक रिज मैदान पर पर्यटक घुड़सवारी, फोटोग्राफी और वीडियो बनाने का आनंद लेते दिखे, जबकि बाजारों में खरीदारी के लिए भी काफी भीड़ उमड़ी।

शहर में सैलानियों की बढ़ती आमद का असर होटलों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकुकरेजा के मुताबिक वीकेंड के दौरान होटलों में ऑक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा पर्यटक शिमला पहुंचे हैं। उनका कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के साथ ही पर्यटन सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी राहत मिली है।

पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद शिमला का मौसम इन दिनों सुहावना बना हुआ है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जो सैलानियों के लिए आकर्षण का बड़ा कारण है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए शिमला में तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और मौसम और ठंडा हो सकता है।

हालांकि सैलानियों की भारी भीड़ के चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। शिमला पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में शोघी बैरियर से 70 हजार से अधिक वाहन शहर की ओर आए हैं। बढ़ते वाहनों के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही है। सर्कुलर रोड स्थित बहुमंजिला पार्किंग भी पूरी तरह भर गई है और अन्य पार्किंग स्थलों पर भी जगह कम पड़ रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए 250 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, जो तीन शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाहनों की संख्या के अनुसार शहर के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

शिमला पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि यहां का मौसम बेहद सुखद है और गर्मी से राहत मिल रही है। दिल्ली से आए दीपक और प्रदीप ने बताया कि शिमला का शांत वातावरण और ठंडा मौसम उन्हें काफी पसंद आ रहा है और यहां आकर सुकून महसूस होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा