शिमला में पर्यटकों की बढ़ी आमद, सड़कों पर लगा जाम
शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पहाड़ों का मौसम खुला तो शिमला की सड़कों पर वाहनों की संख्या भी बढ़ गई। गांधी जयंती की छुट्टी और वीकेंड के चलते शनिवार को राजधानी में मैदानी इलाकों से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी रही। कई जगह वाहन धीमी गति से आगे बढ़े और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। माल रोड और रिज मैदान पर दिनभर सैलानियों की चहल-पहल रही, वहीं सड़कों पर बढ़ी वाहनों की संख्या ने यातायात व्यवस्था की परीक्षा ली।
लिफ्ट से टॉलैंड तक पहुंची वाहनों की कतार
शनिवार को सर्कुलर रोड पर सुबह से वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लिफ्ट के पास स्थित पार्किंग करीब 11 बजे ही भर गई। इसके बाद वाहनों की कतार लिफ्ट से टॉलैंड तक पहुंच गई। विधानसभा से बालूगंज के बीच भी यातायात प्रभावित रहा। वीकेंड और छुट्टी के कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से शहर के कई हिस्सों में वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
रिज और माल रोड पर दिनभर सैलानियों की आवाजाही
शिमला के रिज मैदान और माल रोड पर शनिवार को दिनभर बड़ी संख्या में सैलानी घूमते नजर आए। छुट्टी का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों के कारण शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल बढ़ी रही। सड़कों पर निजी पर्यटक वाहनों और टैक्सियों की आवाजाही बढ़ने से पार्किंग स्थलों पर भी वाहनों की संख्या अधिक रही। शहर के आसपास के मार्गों पर भी पर्यटक वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही।
ढली में टारिंग से बढ़ी परेशानी
शिमला के उपनगर ढली में सड़क पर टारिंग के काम से शुक्रवार को यातायात प्रभावित हुआ। कुफरी से भट्टाकुफर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को यह दूरी तय करने में करीब एक से डेढ़ घंटे तक का समय लगा। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और वाहनों को ढली बाईपास से भेजा गया। पर्यटन सीजन में पर्यटक वाहनों की बढ़ी संख्या के बीच ढली क्षेत्र में सड़क कार्य के कारण यातायात प्रबंधन की चुनौती और बढ़ गई।
होटलों में बढ़ी ऑक्यूपेंसी, कारोबारियों को राहत
शिमला में पर्यटकों की बढ़ी आमद का असर होटल कारोबार पर भी दिखाई दिया। शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है। होटल कारोबारियों के अनुसार लंबे वीकेंड के कारण कमरों की मांग बढ़ी है। मानसून के दौरान पर्यटकों की आमद कम रहने के बाद मौसम खुलने और छुट्टियों के चलते पर्यटन कारोबार में फिर से गतिविधियां बढ़ी हैं। माल रोड, रिज मैदान और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ी चहल-पहल से कारोबारियों में भी उत्साह है।
भाजपा ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्यार सिंह कंवर ने शिमला में जाम की स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शनिवार को सर्कुलर रोड पर सुबह से यातायात प्रभावित रहा और लिफ्ट के पास पार्किंग भरने के बाद वाहनों की कतारें टॉलैंड तक पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि वीकेंड और छुट्टियों में शिमला में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की जानकारी पहले से रहती है, ऐसे में यातायात प्रबंधन के लिए पहले से योजना तैयार होनी चाहिए।
कंवर ने मुख्यमंत्री के रोहड़ू-रामपुर दौरे के बीच राजधानी की यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वीआईपी दौरे के दौरान भी राजधानी की सामान्य व्यवस्थाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ढली में टारिंग के कारण यातायात प्रभावित होने का उल्लेख करते हुए पर्यटन सीजन के लिए स्थायी यातायात योजना बनाने, प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त यातायात पुलिस तैनात करने और सड़क मरम्मत व टारिंग के काम कम यातायात वाले समय में करवाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा