पांवटा साहिब में 13.680 किलो चूरापोस्त बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
नाहन, 13 अगस्त (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसआईयू नाहन की टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में 13 किलो 680 ग्राम चूरापोस्त बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को एसआईयू नाहन की टीम रैनबैक्सी चौक के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि तीन युवक लंबे समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चूरापोस्त/डोडे के टुकड़ों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि तीनों बाहरी राज्य से चूरापोस्त की बड़ी खेप लेकर पांवटा साहिब पहुंचे हैं और अपनी मोटरसाइकिलों के साथ एचपी टोल टैक्स बैरियर, भूपपुर के पास मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 13 किलो 680 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुई। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम निवासी पल्होड़ी, तहसील पांवटा साहिब, उसमान निवासी जाट्टोंवाला, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर तथा अली अहमद निवासी डारपर, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में नशे की खेप के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर