शाख मंडी महोत्सव: तीसरी सांस्कृतिक संध्या में गायक दीपक जनदेवा ने बांधा समां
मंडी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शाख मंडी महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में दीपक जनदेवा, परीक्षित, शक्ति सिंह, दीपिका मुस्कान ने अपने गीतों से समां बांध दिया। दीपक ने पहाड़ी, पंजाबी और फ़िल्मी गीत से युवा वर्ग को नाचने पर मजबूर कर दिया। तीसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि बतौर मंडी नगर निगम के उप महपौर जितेंदर शर्मा ने शिरकत की। इस अवसर पर नगर निगम की पार्षद निर्मल वर्मा, समाज सेवी भगवंत सिंह, मशहूर संगीतकार बाल कृष्ण शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्तिथ रहे।
इस अवसर पर मंडी जिला के बल्ह घाटी के लोकनृत्य लुड्डी की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोहा और प्रदेश की लोक संस्कृति से रूबरू करवाया। इस अवसर पर अपनी जिंदगी में विशेष उपलब्थि हासिल करने वाले कुछ लोगों को शाख सम्मान से सम्मानित किया गया। जिसमें समाज को अपना सर्वस्व समपर्ण करने वाले तरुण भंडारी का नाम प्विशेष रूप से उल्लेखनीय है। रंगमंच, कविता, कहानी और समाज सेवा से जुड़े हरफन मौला तरुण भंडारी ने महज 46 साल की उम्र में संसार को विदा कह दिया। मगर इतनी छोटी सी उम्र में विभिन्न सामाजिक संगठनों और अनेकों विधाओं में उनके योगदान ने उन्हें कभी न भुलाने वाली शख्सियत बना दिया। तरुण भंडारी समाज को ही अपना घर समझते थे और हर पल, हर क्षण समाज को कुछ न कुछ देने का प्रयत्न करते रहते थे ।
शाख मंडी ने तरुण को और उनकी समाज,रंगमंच, कहानी, कविता और यहां तक की मजदूरों के हक़ के लिए उनके संघर्ष को आज फिर से याद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा