अनुराग ठाकुर को सुप्रीम कोर्ट से राहत, भाजपा ने किया स्वागत
हमीरपुर, 01 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर के एक पुराने बयान से जुड़े मामले में देश के सर्वोच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे न्याय प्रक्रिया पर भरोसे की मजबूती बताया है। यह बात जिला भाजपा प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कही।
प्रवक्ता के अनुसार अनुराग ठाकुर के उस बयान को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने ‘देश के गद्दारों’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी। इस बयान को लेकर विपक्षी दलों और कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई थी और मामला अदालत तक पहुंचा था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में राहत देते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया।
इस फैसले में न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ ने वामपंथी नेता वृंदा करात की ओर से दाखिल याचिका को खारिज कर दिया। इस मामले में भाजपा नेता प्रवेश साहिब वर्मा को भी राहत मिली है।
विनोद ठाकुर ने कहा कि इस फैसले से यह साफ हो गया है कि अनुराग ठाकुर के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे को उठाया था। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा न्यायालय और न्याय प्रक्रिया का सम्मान करती रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमेशा देशहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी है और उनके बयान देश की एकता और मजबूती के पक्ष में रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट से मिली यह राहत इस बात का संकेत है कि न्यायिक प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा