हमीरपुर में 125 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अंतरराज्यीय बस स्टैंड, 70 प्रतिशत से अधिक काम पूरा

 


हमीरपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नया अंतरराज्यीय बस स्टैंड तेजी से तैयार हो रहा है। राज्य सरकार के अनुसार इस परियोजना का 70 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सरकार का कहना है कि बस स्टैंड के तैयार होने के बाद हमीरपुर को नई पहचान मिलेगी और यात्रियों के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी बड़ी राहत मिलेगी। यह बस स्टैंड प्रदेश का सबसे बड़ा और आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टैंड होगा।

सरकार के अनुसार हमीरपुर के लोग करीब दो दशकों से बड़े अंतरराज्यीय बस स्टैंड की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार बनने के बाद अधिकारियों को इस परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए थे। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परियोजना के लिए धन उपलब्ध कराया गया और मुख्यमंत्री ने इसका शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करवाया। अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और परियोजना अंतिम चरणों की ओर बढ़ रही है।

नए बहुमंजिला बस स्टैंड में बसों और अन्य वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही कई सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए भी स्थान बनाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि यह केवल बसों के संचालन का केंद्र नहीं होगा, बल्कि विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए भी उपयोगी परिसर बनेगा।

हमीरपुर प्रदेश के मध्य में स्थित प्रमुख शहरों में शामिल है। यहां से हर दिन बड़ी संख्या में बसें अंतरराज्यीय मार्गों, प्रदेश के विभिन्न जिलों, प्रमुख शहरों और स्थानीय रूटों पर संचालित होती हैं। लगातार बढ़ते यातायात के कारण मौजूदा बस स्टैंड लंबे समय से क्षमता से अधिक दबाव झेल रहा है। इससे यात्रियों को असुविधा होने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

सरकारी प्रवक्ता का कहना है कि नया बस स्टैंड शुरू होने के बाद बसों के संचालन की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी। शहर में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। परियोजना पूरी होने के बाद हमीरपुर को प्रदेश के सबसे बड़े और आधुनिक अंतरराज्यीय बस स्टैंड की सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा