60 मीटर लंबे तिरंगे के साथ बिझड़ी में निकली भाजपा की तिरंगा यात्रा

 


हमीरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बड़सर विधानसभा क्षेत्र द्वारा बुधवार को बिझड़ी में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत इस यात्रा में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। कुआं चौक से शुरू होकर रेस्ट हाउस बिझड़ी तक निकली इस यात्रा के दौरान पूरा बिझड़ी बाजार भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने 60 मीटर लंबे विशाल राष्ट्रीय ध्वज को थामकर यात्रा निकाली। सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा मिलकर थामे गए इस विशाल तिरंगे ने पूरे बिझड़ी बाजार में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण बना दिया। विशाल तिरंगे के साथ आगे बढ़ते कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और स्थानीय लोगों ने भी इस दृश्य को गर्व एवं उत्सुकता के साथ देखा।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान, शान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया और आज भी हमारे वीर जवान देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई है। ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देते हैं।

यात्रा के दौरान युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में लहराता 60 मीटर लंबा तिरंगा और राष्ट्रभक्ति के नारों ने बिझड़ी के वातावरण को पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भाजपा मंडल बड़सर अध्यक्ष संजीव शर्मा, मंडल अध्यक्ष डटवाल यशवीर पटियाल, मंडल महामंत्री अश्वनी बन्याल, दिनेश व्यास, सोमी शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र अग्निहोत्री, नंद लाल शर्मा सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यात्रा के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए भारत की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। बिझड़ी में आयोजित यह भव्य तिरंगा यात्रा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम का मजबूत संदेश देने में सफल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा