31 जुलाई को शिमला के गेयटी थिएटर में जुटेंगे नामी साहित्यकार

 


हमीरपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ 31 जुलाई को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में संगोष्ठी एवं बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में कई नामी साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे और बहुभाषी कवि सम्मेलन में कविता पाठ भी करेंगे। संगोष्ठी के दौरान हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र राजन के पांचवें उपन्यास ‘कागज की नाव’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।

राजेंद्र राजन ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक यह कार्यक्रम विभिन्न सत्रों में आयोजित किया जाएगा। ‘कागज की नाव’ पुस्तक के लोकार्पण एवं सह-चर्चा के बाद बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार सतीश धर करेंगे। जबकि, आत्म रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि पत्र वाचन के सत्र की अध्यक्षता जयपुर के साहित्यकार प्रोफेसर सुधीर सोनी करेंगे। जबकि, देहरादून के प्रेम साहिल मुख्य अतिथि और जयपुर के कैलाश चंद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस सत्र में डॉ. हेमराज कौशिक, डॉ. मीनाक्षी पॉल और डॉ. उषा बंदे जैसी प्रसिद्ध साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।

राजेंद्र राजन ने हिमाचल प्रदेश के साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा