पच्छाद में थार और बाइक में टक्कर, बाइक चालक घायल
नाहन, 07 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत क्वागधार हेलीपैड के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार को पुलिस थाना पच्छाद में सूचना मिली कि क्वागधार हेलीपैड के पास कार और बाइक की टक्कर हुई है। सूचना पर पुलिस टीम सराहां अस्पताल पहुंची।
वहां डॉ. निखिल भारद्वाज निवासी गांव धनोह, डाक बागटा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह आज अपनी थार नंबर HP24F-2110 में चंडीगढ़ से सराहां जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे क्वागधार हेलीपैड से थोड़ा पीछे मोड़ पर सराहां की ओर से बाइक नंबर HR04K-5637 बहुत तेज रफ्तार और गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी से सीधी टकरा गई।
बाइक को पंकज कुमार निवासी संत निरंकारी सत्संग भवन अहमदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला चला रहा था, जिसे काफी चोटें आई हैं। पुलिस थाना पच्छाद में मोटरसाइकिल चालक पंकज कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर