ठाकुर रामसिंह की 16वीं पुण्यतिथि पर विष्णु सहस्रनाम यज्ञ व पौधरोपण

 

हमीरपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान, नेरी में श्रद्धेय ठाकुर रामसिंह की 16वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में श्रीविष्णु सहस्रनाम यज्ञ एवं पौधरोपण कार्यक्रम श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ श्रीविष्णु सहस्रनाम यज्ञ से हुआ। कार्यक्रम में वक्ता के रूप में श्री महंत बालयोगी 108 महर्षि वेद व्यास पीठाधीश्वर स्वतंत्र जी महाराज, जगदीश गोपाल गोसदन, फतेहपुर, कांगड़ा उपस्थित रहे। यज्ञ में संस्थान के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शोधार्थियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर श्रद्धेय ठाकुर रामसिंह के व्यक्तित्व एवं इतिहास, संस्कृति तथा भारतीय ज्ञान-परंपरा के संरक्षण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।

यज्ञ के उपरांत संस्थान परिसर में पौधरोपण किया गया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के विकास का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संस्थान के महासचिव भूमिदत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष देशराज शर्मा, निदेशक डॉ. चेतराम गर्ग, रमेश रांगड़ा, संस्थान के कार्यकर्ता तथा स्थानीय महिला मंडल की सदस्याओं सहित करीब 40 लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला