दूरसंचार विभाग के पेंशनर्स ने केंद्र सरकार के खिलाफ बोला हल्ला

 

धर्मशाला, 16 अप्रैल (हि.स.)। दूरसंचार विभाग के विभिन्न पेंशनर संगठनों के आह्वान पर वीरवार देशभर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी वीरवार को बीएसएनएल एवं दूरसंचार कार्यालयों के बाहर पेंशनर्स ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किए। प्रदेश के शिमला, सोलन, धर्मशाला, मंडी और हमीरपुर में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन कर रहे पेंशनरों ने कहा कि केंद्र सरकार से पेंशन प्राप्त करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली महंगाई राहत, जो वर्षों से नियमित रूप से मिल रही थी, उसे इस वर्ष जनवरी माह से अचानक बंद कर दिया गया है। बिना किसी स्पष्ट कारण के यह निर्णय लिया जाना पेंशनरों के साथ अन्याय है।

पेंशनरों का आरोप है कि संबंधित विभागों द्वारा वेतन संशोधन से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर अद्यतन न करने का हवाला दिया जा रहा है, जबकि वर्ष 2017 के बाद से कोई वेतन या पेंशन संशोधन हुआ ही नहीं है। उन्होंने इसे सरकार व विभाग की गंभीर लापरवाही करार दिया। पेंशनरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र ही महंगाई राहत का भुगतान बहाल नहीं किया, तो आगामी 30 अप्रैल से आंदोलन को और अधिक व्यापक व तीव्र रूप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया