तकनीकी विवि मई के अंतिम सप्ताह से शुरू करेगा यूजी व पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं

 

हमीरपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने मई व जून माह से प्रस्तावित नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। 28 अप्रैल के बाद लेट फीस लगेगी। जिसके बारे में विस्तृत जानकारी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि अगले माह प्रस्तावित परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पोर्टल खोल दिया है। अभ्यर्थी तय तिथि में परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी सहित सभी यूजी और पीजी विषयों की परीक्षा की संभावित तिथियां भी जल्द ही जारी कर दी। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि परीक्षा सभी ढ़ग से संचालित हो सके। इस बारे में सभी परीक्षा केंद्र को सूचित कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला