26 को शिमला में शिक्षक हुंकार भरेंगे, सिरमौर से भी सैकड़ों शिक्षक होंगे शामिल

 

नाहन, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश सरकार शिक्षक संघ की ओर से 26 जुलाई को शिमला में प्रस्तावित राज्यस्तरीय प्रदर्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस प्रदर्शन में सिरमौर जिले से भी सैकड़ों शिक्षक भाग लेने जा रहे हैं।

इसी क्रम में पांवटा साहिब के शिक्षकों ने भी एकजुट होकर सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि लंबे समय से लंबित 25 सूत्रीय मांगपत्र पर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए। शिक्षकों का कहना है कि उनकी सबसे प्रमुख मांग क्लस्टर व्यवस्था से जुड़ी है, जिसे सरकार को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए।

शिक्षकों ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो अब शिक्षक चुप नहीं बैठेंगे। आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक तथा तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रदेश सरकार शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 26 जुलाई का शिमला प्रदर्शन शिक्षकों की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन होगा और सरकार तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंचाई जाएगी। सिरमौर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक इसमें शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में हुंकार भरेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर