तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 : उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंडी के सेरी मंच से जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

 


मंडी, 06 नवंबर (हि.स.)। तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत उपायुक्त अपूर्व देवगन ने शुक्रवार को सेरी मंच मंडी से 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 26 दिसंबर, 2026 तक पूरे जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाना तथा जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि आगामी दो महीनों के दौरान विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक शिक्षण संस्थान की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाएगी। इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग तथा संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्य करेंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, विकास खंड अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आने वाले दिनों में मंडी में वॉकाथॉन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा।

उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे तंबाकू के दुष्प्रभावों और इसके नियंत्रण को लेकर समय-समय पर जन-जागरूकता फैलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही युवा पीढ़ी को तंबाकू की लत से बचाकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा