हिमाचल में स्वाइन फ्लू से 64 वर्षीय मरीज की मौत, आईजीएमसी में तोड़ा दम

 


शिमला, 30 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू से 64 वर्षीय मरीज की मौत हो गई है। मरीज का इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला में उपचार चल रहा था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज पहले से फेफड़ों की गंभीर बीमारी और निमोनिया समेत कई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से पीड़ित था।

मृतक की पहचान रामाशीष राम के रूप में हुई है। वह बिलासपुर सदर के साईं डोभा के रहने वाले थे। उन्हें 13 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 29 अगस्त को उनकी स्वाइन फ्लू की जांच पॉजिटिव आई थी। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और उपचार के बावजूद रविवार सुबह करीब 6 बजकर 46 मिनट पर उनकी मौत हो गई।

अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मरीज को पहले से इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (आईएलडी) और फेफड़े के निचले हिस्से में निमोनिया था। इसके अलावा उनकी मेडिकल स्थिति से जुड़ी अन्य जटिलताएं भी दर्ज थीं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन गंभीर बीमारियों और अन्य जटिलताओं ने भी मरीज की स्थिति को गंभीर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आईजीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राहुल राव ने कहा कि मरीज की मौत को केवल स्वाइन फ्लू संक्रमण से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। मरीज पहले से गंभीर फेफड़ों की बीमारी, निमोनिया और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से पीड़ित था। इन बीमारियों के साथ उपचार के दौरान सामने आई जटिलताओं को भी मृत्यु के कारणों के संदर्भ में देखा जाना जरूरी है।

अस्पताल प्रशासन ने लोगों से स्वाइन फ्लू और इन्फ्लुएंजा के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। बुजुर्गों और पहले से फेफड़ों या अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अस्पताल ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू से संक्रमित आठ मामले सामने आ चुके हैं। इनमें चार मामले टांडा मेडिकल कॉलेज, दो मामले आईजीएमसी शिमला और दो मामले मंडी जिले में सामने आए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा