सिरमौर में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 3 मामले आए सामने
नाहन, 13 सितंबर (हि.स.)। पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य प्रशासन अलर्ट हो गया है। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पिछले चार दिनों के दौरान तेज बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर अलग-अलग इलाकों से मरीज पहुंचे थे। मरीजों की स्थिति और लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने एहतियातन उनके स्वाइन फ्लू सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिनमें संक्रमण की पुष्टि हुई है।
सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर धीमान ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कुल तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती रखकर इलाज दिया जा रहा है। वहीं, दो अन्य मरीजों की हालत स्थिर होने के कारण उन्हें आवश्यक दवाएं देकर घर पर ही होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।
डॉ. अंकुर धीमान ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि H1N1, जिसे आम बोलचाल में स्वाइन फ्लू कहा जाता है, इन्फ्लूएंजा ‘ए’ वायरस का एक संक्रामक स्ट्रेन है जो इंसानों के श्वसन तंत्र (सांस की नली और फेफड़ों) को प्रभावित करता है। मूल रूप से यह सूअरों में पाए जाने वाले वायरस से उत्पन्न हुआ था, लेकिन अब यह आम मौसमी फ्लू की तरह एक इंसान से दूसरे इंसान में आसानी से फैलता है।
यह संक्रमण मुख्य रूप से हवा के माध्यम से फैलता है, जब कोई संक्रमित व्यक्ति छींकता या खांसता है तो उसकी सांस की बूंदें हवा में फैल जाती हैं। इसके मुख्य लक्षणों में तेज बुखार, बलगम या सूखी खांसी, गले में खराश, सांस फूलना, सिरदर्द और शरीर में तेज दर्द शामिल हैं।बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना, बार-बार साबुन से हाथ धोना और अस्वस्थ महसूस होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाना चाहिए ताकि समय पर जांच और सही इलाज शुरू हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर