स्वच्छता के सच्चे संदेशवाहक और स्वच्छ एवं विकसित भारत के परिवर्तनकारी वाहक हैं विद्यार्थी: प्रो. अवस्थी

 


मंडी, 03 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा स्वच्छता, साफ- सफाई, जन-जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति ने स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और राष्ट्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और स्वच्छता के संदेश का प्रभावी दूत बनने का आह्वान किया।

कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा, स्वच्छ भारत की भावना केवल अभियानों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाना होगा। हमारे विद्यार्थी स्वच्छता के सबसे प्रभावी संदेशवाहक हैं। उन्हें विश्वविद्यालय से यह संदेश अपने घरों, गांवों और समुदायों तक पहुंचाकर दूसरों को भी स्वच्छता एवं जिम्मेदार नागरिक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और गांवों में लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा