कालाअंब के बूथ नंबर-7 पर संदिग्ध वोट से मचा हड़कंप, आरोपों को लेकर पुलिस ने शुरू की जांच
नाहन, 26 मई (हि.स.)। पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एक मतदान केंद्र पर कथित संदिग्ध मतदान का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। मतदान प्रक्रिया के बीच संदिग्ध तरीके से वोट डाले जाने के आरोपों ने प्रशासन और पुलिस को भी हरकत में ला दिया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर रोष देखने को मिल रहा है और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला कालाअंब स्थित बूथ नंबर-7 से जुड़ा है, जहां जिला परिषद चुनाव के दौरान एक संदिग्ध वोट डाले जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान बिना उचित पहचान सत्यापन के बैलेट पेपर नंबर 4735811 जारी कर दिया गया और उसके आधार पर मतदान भी कर लिया गया।
जिला परिषद प्रत्याशी के पति की ओर से आरोप लगाया गया है कि कथित संदिग्ध व्यक्ति मतदाता सूची के सीरियल नंबर-212 पर दर्ज 22 वर्षीय मोहम्मद उमर के नाम पर वोट डाल रहा था। आरोप यह भी लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति की पहचान का सही तरीके से सत्यापन नहीं किया गया और बिना आवश्यक दस्तावेजों की जांच के मतदान की अनुमति दे दी गई।
कांग्रेस नेता विनिश राणा ने मामले पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रजाइडिंग अधिकारी की ओर से बिना पहचान पत्र के बैलट पेपर जारी किया गया। उन्होंने कहा कि बूथ एजेंट ने मौके पर ही इस पर आपत्ति दर्ज करवाई थी और कथित संदिग्ध व्यक्ति को जांच के दायरे में लेते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
मामले के बाद पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम को जांच के दायरे में लिया है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए डीडीआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी की ओर से जांच अधिकारी को मौके पर भेजा गया है, जबकि प्रजाइडिंग अधिकारी को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने भी मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संदिग्ध मतदान को गंभीर विषय बताते हुए पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जिला सिरमौर में पंचायतीराज चुनाव के दौरान इस तरह का यह पहला मामला माना जा रहा है, जहां मतदान प्रक्रिया के बीच डाले गए वोट को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर