सांसद सुरेश कश्यप ने स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को अर्पित किए श्रद्धा सुमन

 


नाहन, 15 अगस्त (हि.स.)।

जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह को समर्पित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए शिलाई के वीर जवान शहीद प्रमोद नेगी की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

मीडिया से बात करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने सर्वप्रथम आज 80वें स्वतंत्रता दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के दिन हमारा देश आजाद हुआ जिसके लिए हजारों लाखों वीर जवानों समेत वीरांगनाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि हमारे हिमाचल प्रदेश से भी देश सेवा में हजारों वीर जवानों ने शहादत का जाम पिया है।

उन्होंने कहा कि शिलाई के वीर जवान जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते शहीद हुए प्रमोद नेगी को भी याद किया जा रहा है और उनके परिजनों द्वारा यहां तैयार की गई शहीद की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ हैं। उन्होंने कहा कि आज हम खुली हवा में आजाद देश में अगर सांस ले पा रहे हैं तो यह सब सरहदों पर हमारे देश के बहादुर वीर जवानों की बदौलत है जो दिन रात देश की रक्षा में देश की सुरक्षा में न्योछावर हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर