महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना

 


नाहन, 22 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार को भाजपा द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डेजी ठाकुर भी मौजूद रहीं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद सुरेश कश्यप ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा लगातार महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है और उन्हें राजनीति में उचित अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव वर्ष 2023 में पारित किया गया था, लेकिन इसे लागू करने की दिशा में लाए गए प्रयासों को विपक्ष के कारण झटका लगा है।

कश्यप ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ हैं और उन्होंने साजिश के तहत इस बिल को पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि महिलाओं को उनका हक हर हाल में दिलाया जाएगा और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।

वहीं, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने वालों को इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि बिल पारित न होने पर विपक्ष द्वारा जश्न मनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और महिलाएं इसका जवाब अवश्य देंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर