सुनील शर्मा बिट्टू ने डिडवीं टिक्कर में किया जिला स्तरीय अंडर-19 खेलों का शुभारंभ

 


हमीरपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सोमवार को राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं टिक्कर में हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर के 6 ब्लॉकों की लगभग 250 छात्राएं वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन एवं अन्य स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।

इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, एनसीसी, एनएसएस और अन्य गतिविधियों का भी बहुत ज्यादा महत्व होता है। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़े सुधार किए हैं। इन्हीं सुधारों के कारण मात्र तीन वर्षों में ही हिमाचल प्रदेश शिक्षा की गुणवत्ता में 21वें नंबर से ऊंची छलांग लगाते हुए चौथे नंबर पर पहुंच गया है। साक्षरता दर में हिमाचल दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।

इससे पहले, मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य शैली शर्मा और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागी छात्राओं ने शानदार मार्च पास्ट किया और मेजबान पाठशाला के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा