बजट में किसान व ग्रामीण उत्थान को प्राथमिकता : मंत्री राजेश धर्माणी
मंडी, 22 मार्च (हि.स.)। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वर्ष 2026-27 के लिए एक उत्कृष्ट बजट प्रस्तुत किया गया है, जिसके अंतर्गत अप्रैल माह से खेलो हिमाचल और चिट्टा मुक्त अभियान जैसे कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने रविवार को सुंदरनगर में नलवाड़ मेले के उपलक्ष्य पर कहा कि सरकार के बजट का फोकस ग्रामीण उत्थान, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान, बागवानों तथा पशु पालकों के कल्याण के लिए कई नई योजनाएं क्रियान्वित कर रही है। इस वर्ष के बजट में किसानों व बागवानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का प्रावधान किया गया है ।शिक्षा क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का स्थान पहले 21वां था, जो अब बढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले मेडिकल कॉलेज नेरचौक सहित अन्य संस्थानों में विशेषज्ञों की कमी थी, जिसे सरकार द्वारा दूर किया जा रहा है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सुंदरनगर का नलवाड़ मेला वर्षों से परंपरा के रूप में आयोजित होता आ रहा है और यह क्षेत्र की पहचान बन चुका है।
इससे पूर्व मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों तथा उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। उन्होंने मेले के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नलवाड़ मेला न केवल पशुओं के क्रय-विक्रय का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक भी है। उन्होंने मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा