2027 की तैयारी में भाजपा ने भरी हुंकार, महिला मोर्चा को विधायक सुखराम चौधरी ने दिया चुनावी मंत्र

 

नाहन, 18 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पांवटा साहिब में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सुखराम चौधरी ने महिला कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का मंत्र दिया।

सुखराम चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और महिला मोर्चा संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के बाद महिला मोर्चा ही भाजपा को गांव-गांव और घर-घर तक मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी मैदान में उतरने, प्रत्येक बूथ को मजबूत करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चुनाव का समय नजदीक है और जीत का रास्ता संगठन की मजबूती से होकर गुजरता है। यदि हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करेगा तो 2027 में भाजपा मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।

भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री नवनीत चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब लगभग 15 महीने का समय बचा है। ऐसे में सभी महिला कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर पार्टी के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की टीम घर-घर जाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार की चार वर्षों में अधूरी रही गारंटियों और वादों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी। साथ ही भाजपा की नीतियों, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और संगठन के संदेश को भी हर परिवार तक पहुंचाने का काम करेगी।

कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प भी लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर