आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, ढाई घंटे चली पूछताछ
शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। धर्मशाला से भाजपा विधायक और पूर्व कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के सिलसिले में विजिलेंस के सामने पेश हुए। विजिलेंस के अनुसार वह सुबह करीब साढ़े 11 बजे धर्मशाला स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ की गई। जांच एजेंसी का दावा है कि पूछताछ के दौरान मांगे गए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज वह उपलब्ध नहीं करा सके और उन्हें रिकॉर्ड जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
विजिलेंस के मुताबिक जांच का केंद्र संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज हैं। एजेंसी ने शेयरों और प्रतिभूतियों की खरीद-बिक्री, डीमैट खाते, बैंकिंग रिकॉर्ड, अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री, वाहनों की खरीद और वित्तपोषण सहित कई मामलों में जानकारी मांगी है। इसके साथ ही जांच अवधि के दौरान सुधीर शर्मा और उनके परिवार की चल और अचल संपत्तियों का पूरा ब्यौरा भी तलब किया गया है।
जांच एजेंसी ने धर्मशाला के रक्कड़ क्षेत्र में स्थित उनके बहुमंजिला मकान के निर्माण खर्च को भी जांच का अहम हिस्सा बताया है। विजिलेंस का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े बिल, भुगतान रिकॉर्ड, ठेकेदारों का विवरण और बैंकिंग दस्तावेज अभी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। एजेंसी ने यह भी कहा है कि कुछ वित्तीय मामलों में मिले जवाबों का सत्यापन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जाएंगे। कुछ संपत्तियों की भी जांच की जा रही है, जिनके बारे में आशंका जताई गई है कि वे किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर हो सकती हैं।
विजिलेंस ने यह भी कहा कि कार्यालय पहुंचने से पहले सुधीर शर्मा के समर्थकों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी की, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच कानून के दायरे में और निष्पक्ष तरीके से जारी रहेगी।
सुधीर शर्मा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2022 में वह कांग्रेस विधायक के रूप में चुने गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मतभेदों के बाद 2024 में भाजपा में शामिल हो गए। बाद में हुए उपचुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी।
गौरतलब है कि विजिलेंस ने 29 जुलाई 2026 को आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा