नादौन बीडीसी उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत, सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। नादौन बीडीसी के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बाद भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में कांग्रेस की हार प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का महत्वपूर्ण संकेत है।
सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि बीडीसी उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लंबे समय तक टालने और मामला अदालत तक ले जाने के बावजूद कांग्रेस अपनी रणनीति में सफल नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि आखिरकार चुनाव में भाजपा को जीत मिली और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ही गृह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को जीत नहीं दिला पाए। यह परिणाम कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संख्या बल और जनमत का सम्मान होना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया को टालने से राजनीतिक परिस्थितियां नहीं बदलतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का व्यवस्था परिवर्तन का नारा अब व्यवस्था पतन में बदलता दिखाई दे रहा है और सरकार जनहित के बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति संभालने में जुटी है।
भाजपा विधायक ने नादौन बीडीसी के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठनात्मक एकजुटता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला