गौवंश को बेसहारा छोड़ने वाले पशुपालको पर होगी सख्त कार्रवाई,नाहन से सात बेसहारा गौवंश भेजे कोटला बड़ोग गौशाला
नाहन, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन शहर को बेसहारा गौवंश की समस्या से मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान को जारी रखते हुए आज सात बेसहारा गौवंश को सिरमौर स्थित कोटला बड़ोग गौशाला में स्थानांतरित किया गया। यह जानकारी देते हुए एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि शहर में बेसहारा गौवंश की समस्या से निजात पाने के लिए जिला प्रशासन, नगरपालिका परिषद, पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से एक विशेष अभियान शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा बेसहारा गौवंश को कोटला बड़ोग तथा नालागढ़ स्थित हांडा कुंडी बुल सैंचूरी में भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन सात गौवशों में तीन टैग लगे पालतु गौवंश भी पाए गए हैं। ऑनलाइन भारत पशुधन पोर्टल पर टैग की जानकारी के अनुसार गौवंश के मालिकों की पहचान रमेश चंद निवासी नौणी का बाग वार्ड नंबर 12, रजत सैणी नौणी का बाग वार्ड नंबर 12 और राज कुमार वार्ड नंबर 13 के रूप में हुई है। प्रशासन ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका परिषद नाहन को इन तीनों गौवंश मालिकों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पशु पालको से आह्वान किया कि वह अपने पशुओं को आवारा न छोडे जो कि दुर्घटनाओं का कारण बनते तथा इससे स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर