नाहन में बेसहारा पशुओं को गौशाला भेजने की मुहिम तेज, अब तक 42 पशु सुरक्षित आश्रय में पहुंचाए

 


नाहन, 20 अक्टूबर (हि.स.)।

नाहन शहर को बेसहारा पशुओं की समस्या से राहत दिलाने और बेजुबान पशुओं के संरक्षण के उद्देश्य से विधायक अजय सोलंकी की पहल पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रवदिवार को दो बड़ी गाड़ियों और एक पिकअप के माध्यम से 20 पशुओं को कोटला बड़ोग गौशाला के लिए रवाना किया गया। इससे पहले 22 पशुओं को गौशाला भेजा जा चुका है। इस प्रकार अब तक कुल 42 पशुओं को गौशाला पहुंचाया जा चुका है।

पशुओं को रवाना करने से पहले पशु चिकित्सक द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, ताकि उनकी सेहत और देखभाल सुनिश्चित की जा सके। यह पूरी प्रक्रिया विधायक अजय सोलंकी की देखरेख में संपन्न हुई।

विधायक अजय सोलंकी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी व्यक्ति का टैग लगा हुआ पालतू पशु खुले में आवारा घूमता हुआ पाया जाता है, तो संबंधित मालिक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें और उनकी उचित देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं। शहर को बेसहारा पशुओं की समस्या से मुक्त करने के लिए जनसहयोग भी बेहद जरूरी है।

इसके अतिरिक्त, नाहन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए उनकी नसबंदी का कार्य भी जल्द शुरू करवाया जाएगा। इससे शहरवासियों को आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। इस कार्य को पशु कल्याण और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाया जाएगा।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने से लेकर शहर की अन्य समस्याओं के समाधान तक, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशुओं का संरक्षण और शहरवासियों को राहत दिलाना, दोनों ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं और इनके लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर