सिरमौर में आंधी-तूफान से भारी नुकसान, कई इलाकों में बिजली बाधित

 

नाहन, 03 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले में रविवार सुबह आई तेज आंधी और तूफान ने व्यापक नुकसान पहुंचाया और जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई क्षेत्रों से नुकसान की खबरें सामने आई हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। शिकारड़ी क्षेत्र के डाकघर सुरला में चल रही श्रीमद भागवत कथा भी इस भीषण मौसम की चपेट में आ गई।

जानकारी के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन 2 मई से 8 मई 2026 तक चलना था, जिसमें कथा वाचक साक्षी चैतन्य श्रद्धालुओं को कथा सुना रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन गांव के लोगों द्वारा किया जा रहा था। रविवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आए तूफान ने कथा स्थल पर लगे टेंट को उखाड़ दिया। तेज हवा के कारण टेंट उड़ गए और वहां रखा साउंड सिस्टम, फर्नीचर और अन्य सामान बिखर गया। इसके बाद हुई बारिश ने नुकसान को और बढ़ा दिया, जिससे अधिकांश सामान भीगकर खराब हो गया।

तूफान का असर केवल कथा स्थल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ। तेज हवाओं के चलते कई घरों की छतों पर लगी टीन उड़ गई। सड़कों पर बड़े पेड़ और टहनियां गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुबह के समय धूल भरी तेज हवाओं और घने बादलों के कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। दिन के समय ही रात जैसा माहौल बन गया, जिससे लोग सहम गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर