हिमाचल के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलेंगी स्टील की पानी की बोतलें, वितरण से पहले होगा आधार सत्यापन
शिमला, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलें दी जाएंगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत शुरू की जा रही इस योजना के लिए शिक्षा विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि बोतलों का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा और सभी पात्र विद्यार्थियों का आधार से सत्यापन कराया जाएगा। इससे लाभार्थियों की सही पहचान हो सकेगी और एक ही छात्र को दो बार लाभ मिलने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी।
शिक्षा निदेशालय ने योजना के प्रभावी संचालन के लिए वितरण, उपयोग और निगरानी की पूरी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और अन्य हितधारकों की जिम्मेदारियां तय करने, प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने और सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी इन निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करें, जिससे मुख्यमंत्री की इस योजना का लाभ समय पर प्रदेश के विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
निदेशालय के अनुसार प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए कुल 7 लाख 38 हजार 69 स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलों की आवश्यकता आंकी गई है। इसके अलावा 72 अतिरिक्त बोतलें नमूना (सैंपल) स्टॉक के रूप में रखी जाएंगी। इन अतिरिक्त बोतलों का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर किया जा सकेगा।
योजना के सुचारु संचालन के लिए शिक्षा निदेशालय ने नागरिक आपूर्ति निगम को सभी 143 बीपीओ की सूची भी उपलब्ध कराई है। इस सूची में संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी शामिल हैं। विभाग का कहना है कि इससे वितरण के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क किया जा सकेगा और पूरी प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा