राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए 51 शिक्षकों ने दी उपलब्धियों की प्रस्तुति, 25 के नाम पर लगेगी अंतिम मुहर

 

शिमला, 29 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बेहतर काम करने वाले 51 शॉर्टलिस्ट शिक्षकों ने शनिवार को राज्य सचिवालय में राज्य स्तरीय चयन समिति के सामने अपनी उपलब्धियों की प्रस्तुति दी। शिक्षा सचिव की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष शिक्षकों ने स्कूलों में किए गए सुधार, शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार और विद्यार्थियों के लिए किए गए अपने काम की जानकारी रखी। अब समिति प्रस्तुतियों और तय मापदंडों के आधार पर पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों के नाम तय करेगी।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शॉर्टलिस्ट शिक्षक शनिवार सुबह नौ बजे से पहले ही राज्य सचिवालय पहुंच गए थे। शिक्षा निदेशालय ने संबंधित उपनिदेशकों को निर्देश दिए थे कि सभी शिक्षकों को निर्धारित समय पर चयन समिति के सामने प्रस्तुत किया जाए। प्रत्येक शिक्षक को अपनी उपलब्धियों पर सात से आठ स्लाइड की प्रस्तुति देने का मौका मिला। प्रस्तुति के बाद समिति के सदस्यों के साथ बातचीत के लिए भी समय दिया गया। प्रत्येक शिक्षक को कुल 10 मिनट का समय निर्धारित था।

इस बार शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों के सामान्य काम के साथ उनके वास्तविक योगदान और उसके परिणामों को भी महत्व दिया जा रहा है। नई राज्य शिक्षक पुरस्कार योजना में विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम, शिक्षा में नए तरीके अपनाने, स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, सूचना प्रौद्योगिकी के बेहतर इस्तेमाल और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए गए काम को चयन का प्रमुख आधार बनाया गया है। इसी के अनुसार शिक्षकों ने अपने स्कूलों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उनसे हुए बदलावों की जानकारी समिति के सामने रखी।

नई योजना के तहत इस वर्ष कुल 25 राज्य शिक्षक पुरस्कार दिए जाने हैं। इनमें 16 पुरस्कार सामान्य क्षेत्रों में काम करने वाले शिक्षकों और नौ पुरस्कार जनजातीय एवं कठिन क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिए निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और विशेष उपलब्धियों के लिए छह विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

शिक्षा विभाग ने राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्र शिक्षकों को शॉर्टलिस्ट किया था। अब राज्य स्तरीय चयन समिति के सामने हुई प्रस्तुतियों के आधार पर अंतिम सूची तैयार की जाएगी। राज्य शिक्षक पुरस्कार पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर दिए जाने प्रस्तावित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा