भाजपा की नाहन में संत रविदास जंयती को समर्पित कार्यशाला का हुआ आयोजन

 

नाहन, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे देश और प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर 'समरसता संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास की पावन जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र माटी से युक्त 'कलश वंदन यात्रा' निकाली जा रही है, जो विभिन्न राज्यों, से होते हुए अब हिमाचल प्रदेश पहुंची हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने कहा कि भाजपा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू किया गया हैं। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से शुरू हुआ यह महाभियान आगामी 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के विचारों को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के मुख्य चरण में वाराणसी (काशी) स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पावन मिट्टी और जल को कलशों में भरकर देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और मंडलों में ले जाया जा रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता पवित्र कलश का विधिवत पूजन-वंदन कर रहे हैं ।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के विजन को धरातल पर उतारने का जन-आंदोलन है। उन्होंने ने कहा कि संत रविदास ने बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा की और उनके विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इस यात्रा के माध्यम से भाजपा देश के 21,000 से अधिक स्थानों पर सामाजिक समरसता के कार्यक्रम और 51,000 मंदिरों में दीपोत्सव आयोजित करने की योजना पर काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर