देवी-देवताओं की जलेब के साथ राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंदर नगर का समापन

 


मंडी, 06 अप्रैल (हि.स.)। राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंदर नगर का देवी-देवताओं की जलेब के साथ समापन हो गया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने पुराने मेला मैदान में चौहार घाटी के आराध्य देव श्री हुरंग नारायण व पहाड़ी बजीर देव श्री पशाकोट सहित उपस्थित समस्त देवी-देवताओं की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने भारी वर्षा में अराध्य देव श्री हुरंग नारायण व देव श्री पशाकोट की अगुवाई में निकली देवी-देवताओं की भव्य जलेब की अगवानी की ।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मेला मैदान जोगिन्दर नगर में मेला ध्वज के अवतरण के साथ मेले का विधिवत समापन किया। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि वह अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें एक साथ इतने देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मेले के अवसर पर हुई वर्षा को भी देवताओं का आशीर्वाद मानना चाहिए, जो क्षेत्र की खुशहाली और विकास का संकेत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के दौरान केन्द्र सरकार से अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार द्वारा रेवन्यू डेफिसिट ग्रांट को बंद कर दिया गया, जिससे प्रदेश को लगभग 50 हजार करोड़ रुपए की राशि मिलनी थी, जो विकास कार्यों में सहायक सिद्ध होती।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने जोगिन्दर नगर और लड़भड़ोल में कार्यरत चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने तथा खेल छात्रावास खोलने का आग्रह किया।

इस दौरान आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे पहलवानों को 5100-5100 रुपए की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। हालांकि वर्षा के कारण कुश्ती प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल के बाद आगे के मुकाबले आयोजित नहीं हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा