राज्य नागरिक आपूर्ति निगम राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बनें जगत सिंह : अरूण राव

 


मंडी, 13 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम राज्य कर्मचारी संघ के राज्य स्तरीय शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में निगम के 1 प्रधान कार्यालय, 7 क्षेत्रीय कार्यालयों, 3 उप-क्षेत्रीय कार्यालयों, 121 थोक भंडारों, 54 एलपीजी एजेंसियों तथा 4 पेट्रोल पंपों से लगभग 350 कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जिसमें जगत सिंह ठाकुर, वरिष्ठ सहायक (लेखा), सोलन क्षेत्र को राज्य कर्मचारी संघ का अध्यक्ष चुना गया। जबकि अरुण राव, कंप्यूटर ऑपरेटर, क्षेत्रीय कार्यालय मंडी को राज्य कर्मचारी संघ का महासचिव निर्वाचित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय मंडी में नवनिर्वाचित राज्य महासचिव अरुण राव का कर्मचारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कर्मचारियों के हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी की जाएगी। अपने संबोधन में अरुण राव ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सभी न्यायोचित एवं प्रमुख मांगों को निगम प्रबंधन के समक्ष पूरी दृढ़ता एवं सकारात्मक सोच के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों की रक्षा के साथ-साथ निगम की उन्नति एवं प्रतिष्ठा को नई बुलंदियों तक पहुंचाना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे निगम के विकास एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेगा तो उसके अधिकार भी और अधिक सशक्त होंगे। इस अवसर पर अरुण राव ने चुनाव प्रक्रिया के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए हमीरपुर क्षेत्र कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमित शर्मा एवं उनकी पूरी टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन अत्यंत पारदर्शी, अनुशासित एवं उत्कृष्ट रहा, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि हमीरपुर क्षेत्र के कर्मचारियों ने अपने सौहार्दपूर्ण व्यवहार, आत्मीय स्वागत एवं उत्कृष्ट आतिथ्य सत्कार से एक नई मिसाल कायम की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा