महिलाओं के सम्मान में नारी शक्ति मैदान में, भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

 


हमीरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)।

महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और पीड़ित बेटियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा जिला हमीरपुर की बहनों ने भोटा बाजार में ‘नारी शक्ति हुंकार आंदोलन’ के तहत जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिला हमीरपुर की अध्यक्ष अर्चना चौहान ने की। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करवाया।

प्रदर्शन में बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, भाजपा जिला महामंत्री अजय रिंटू सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोईजम के पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में कांग्रेस नेतृत्व का रवैया संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक दलों को अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा ने दावा किया कि जेएनयू की आंतरिक समिति की जांच के बाद संबंधित सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सांसद से इस्तीफे की मांग उठाई और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की अपील की।

महिला मोर्चा की ओर से कहा गया कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा