मंडी के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल मृगपुरी सियोल में होंगे अंतरराष्ट्रीय वक्ता
मंडी, 27 नवंबर (हि.स.)। मंडी के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल मृगपुरी सियोल में अंतर्राष्ट्रीय वक्ता के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। नीलकंठ अस्पताल मंडी के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल मृगपुरी को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में होने वाले कोरियाडर्मा 2026 सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है।
डा. साहिल ने बताया कि दक्षिण कोरिया के त्वचा रोग विशेषज्ञों के संगठन की ओर से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें उन्हें अंतर्राष्ट्रीय वक्ता के रूप में अपना वक्तव्य प्रस्तुत करना है। डॉ. मृगपुरी इस सम्मेलन में सौंदर्य चिकित्सा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और लेज़र हेयर रिडक्शन विषयों पर व्याख्यान देंगे। डॉ. मृगपुरी मंडी के रामनगर वार्ड पुल घराट निवासी हैं। इनके पिता डा. हेमंत नीलकंठ अस्पताल मंडी के संचालक हैं।
डा. साहिल मृगपुरी ने पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ से त्वचा रोग में एमडी की उपाधि प्राप्त की है। वे राष्ट्रीय त्वचा रोग सम्मेलन एसओडीसी के संस्थापक हैं। जो 2019 में 300 प्रतिनिधियों से बढ़कर अब 1,000 से अधिक प्रतिनिधियों तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि देश के 23,000 से अधिक त्वचा रोग विशेषज्ञों से उनका यह संगठन जुड़ा हुआ है। उनकी इस उपलब्धी से मंडी जिला का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा। इसके साथ ही उन्हें भारतीय त्वचा रोग विशेषज्ञों के 55वें राष्ट्रीय सम्मेलन डर्माकॉन 2027 गांधीनगर में 3डी बायोप्रिंटिंग और त्वचा पुनर्निर्माण का भविष्य विषय पर वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा