सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी और नेपाल ओपन यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षणिक सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
मंडी, 28 मार्च (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडीभारत ने नेपाल ओपन यूनिवर्सिटी एनओयू नेपाल के साथ शैक्षणिक सहयोग, शोध कार्य और छात्र आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर औपचारिक रूप से प्रो. ललित कुमार अवस्थी कुलपति, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी तथा
डॉ. सुरेंद्र श्रेष्ठ, रजिस्ट्रार, नेपाल ओपन यूनिवर्सिटी, नेपाल ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते का उद्देश्य विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है, जिनमें छात्र विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त डिग्री ड्यूल, ट्विन और जॉइंट डिग्री, संकाय एवं शोधकर्ताओं का आदान-प्रदान, स्नातकोत्तर और पीएचडी छात्रों का संयुक्त मार्गदर्शन, कार्यशालाएं, सम्मेलन और संयुक्त प्रकाशन शामिल हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शैक्षणिक संसाधनों के साझा उपयोग पर भी जोर दिया गया है।
इस कार्यक्रम में सरदार पटेल
विश्वविद्यालय के डीन (अनुसंधान) डॉ. लखवीर सिंह, डीन योजना डॉ. सानील ठाकुर, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, डीन और संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि यह समझौता हमारे वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने और शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के प्रति
हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे हमारे छात्रों और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिलेंगे और शोध, नवाचार तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए रास्ते खुलेंगे।
डॉ. सुरेन्द्र श्रेष्ठ रजिस्ट्रार नेपाल ओपन यूनिवर्सिटी ने कहा कि यह सहयोग शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेगा और छात्रों के लिए लचीले शिक्षण अवसर उपलब्ध कराएगा।
साथ ही यह भारत और नेपाल के बीच उच्च शिक्षा में क्षेत्रीय सहयोग को भी बढ़ावा देगा।
यह साझेदारी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने और सीमापार ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के लिए यह एमओयू उसकी वैश्विक पहचान और प्रतिष्ठा को बढ़ाएगा। इससे विश्वविद्यालय के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय एक्सवपोजर, छात्र विनिमय कार्यक्रमों में
भागीदारी और विविध शिक्षण अवसर प्राप्त होंगे। यह सहयोग छात्रों के कौशल विकास, शोध नवाचार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ाएगा तथा उन्हें वैश्विक शैक्षणिक नेटवर्क से जोड़ने में मदद करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा