एसपीयू मंडी में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, एमबीए एवं एमसीए के दो विद्यार्थियों का चयन

 


मंडी, 20 नवंबर (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के प्रबंधन अध्ययन विभाग एवं कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें उद्योग जगत की अपेक्षाओं, कार्यप्रणाली एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं से परिचित करवाना था।

इस अवसर पर मोहाली स्थित विप्रोनिक्स कंपनी द्वारा विद्यार्थियों के साक्षात्कार आयोजित किए गए। इस प्लेसमेंट ड्राइव में प्रबंधन अध्ययन विभाग से 25 तथा कंप्यूटर साइंस विभाग से 27 विद्यार्थियों सहित कुल 52 विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न हुई, जिसमें प्रथम चरण में एप्टीट्यूड टेस्ट, द्वितीय चरण में मशीन लर्निंग राउंड तथा अंतिम चरण में व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया के उपरांत एमबीए विभाग से अमनदीप तथा एमसीए विभाग से ऋषभ कुमार का चयन किया गया।

चयनित विद्यार्थियों के लिए कंपनी द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एमबीए विद्यार्थियों को दो माह तथा एमसीए विद्यार्थियों को छह माह का अनिवार्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें 13,500 रूपए प्रतिमाह पारिश्रमिक प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के पश्चात कंपनी द्वारा उन्हें 3.8 लाख रुपए वार्षिक पैकेज पर नियमित रोजगार प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर विप्रोनिक्स कंपनी की ओर से प्रबंध निदेशक हरीश चावला तथा मानव संसाधन प्रतिनिधि सुश्री कविता उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. पवन कुमार चंद, विभागाध्यक्ष प्रबंधन अध्ययन विभाग डॉ. करण गुप्ता, प्लेसमेंट सेल के सदस्य डॉ. बलबीर सिंह मांगटा एवं डॉ. विक्रांत जसवाल डॉ. शिवन बीबी तथा कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सनील ठाकुर , अमन सहित संबंधित विभागों के संकाय सदस्यों ने आयोजन में सहभागिता की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार आयोजित यह कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा