राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों के अध्ययन के लिए रवाना हुए एसपीयू के विद्यार्थी
मंडी, 07 अप्रैल (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के वनस्पति विज्ञान विभाग के अंतर्गत एम.एससी. बॉटनी के दस विद्यार्थियों का दल एक महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण हेतु देहरादून एवं हरिद्वार के प्रमुख राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों की ओर रवाना हुआ। इस दल में सम्मिलित यह समूह भारतीय रिमोट सेंसिंग संस्थान देहरादून, वन अनुसंधान संस्थान देहरादून और पतंजलि अनुसंधान संस्थान हरिद्वार सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों का अवलोकन करेंगे।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक परिप्रेक्ष्य में रूपांतरित करना, जैव विविधता के प्रलेखन एवं संरक्षण की समकालीन प्रविधियों से उन्हें परिचित कराना तथा विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी अनुसंधानपरक दृष्टि का विस्तार करना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि समकालीन उच्च शिक्षा में अनुभवात्मक अधिगम का विशेष महत्व है। इस प्रकार की शैक्षणिक यात्राएं कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान और वास्तविक जीवन के अनुप्रयोगों के मध्य सेतु का कार्य करती हैं। ये न केवल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ को सुदृढ़ करती हैं बल्कि उन्हें नवोन्मेषी अनुसंधान के लिए भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक क्षितिज को व्यापक बनाते हुए उन्हें पादप विज्ञान के उन्नत आयामों से अवगत कराएगा।
वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉo लखवीर सिंह ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक उपक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। इस शैक्षणिक दल का नेतृत्व विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. जगदीप वर्मा ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय की उस सतत प्रतिबद्धता का द्योतक है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को ज्ञान के व्यावहारिक, अनुसंधानपरक एवं नवाचारी आयामों से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा