पहली नवंबर को सिलैक्ट होगी मंडी जिला की खो-खो टीम, हराबाग में होगा ट्रायल

 


मंडी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला खो-खो संघ द्वारा सीनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए जिला मंडी की पुरुष एवं महिला टीमों का चयन पहली नवंबर को किया जाएगा। टीमों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए पहली नवंबर को प्रातः 10 बजे सुंदरनगर के हराबाग स्थित नामधारी दिल्ली पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ एवं मंडी जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर व मंडी जिला के महासचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिला की पुरुष व महिला टीमों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। जिसके लिए मंडी जिला के महिला व पुरुष खिलाड़ी ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रायल में चयनित हुए खिलाड़ियों के लिए संघ द्वारा हराबाग स्थित खो-खो अकेडमी में दो नवंबर से 13 नवंबर तक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद 13 नवंबर को दोपहर बाद 14 व 15 नवंबर को बिलासपुर जिला के जुखाला में होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर खो-खो प्रतियोगिता के लिए टीम रवाना हो जाएगी।

उन्होंने मंडी जिला के सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर ट्रायल में भाग लेने के लिए उपस्थित हों ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा