ऊना में होगी 47वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप
मंडी, 14 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में वर्ष 2026 की 47वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। यह फैसला हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ की बैठक में लिया गया। बैठक मंगलवार को ऊना के स्वां सदन में संघ के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें भारतीय खो-खो महासंघ के संयुक्त सचिव एल. आर. वर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। जो पदाधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, वे गूगल मीट के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बैठक में जानकारी दी गई कि भारतीय खो-खो महासंघ ने वर्ष 2026 की 47वीं राष्ट्रीय जूनियर खो-खो चैंपियनशिप की मेजबानी हिमाचल प्रदेश को सौंपी है। इस अवसर पर मौजूद सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से यह चैंपियनशिप ऊना जिला में करवाने का निर्णय लिया। यह प्रतियोगिता 1 अक्तूबर से 12 अक्तूबर तक आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
संघ की बैठक में सभी जिला खो-खो संघों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने जिलों में सभी वर्गों की जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिताएं सितंबर महीने तक आयोजित करना सुनिश्चित करें, ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई खिलाड़ी किसी अनधिकृत खो-खो संघ से खेलता पाया जाता है, तो उसे हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ की ओर से निष्कासित कर खो-खो खेलने से प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसके अलावा प्रदेश में संचालित सभी खो-खो अकादमियों को अपना पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नई अकादमी शुरू करने के इच्छुक लोगों को भी हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर ही पंजीकरण करवाना होगा।
बैठक के बाद संघ का एक प्रतिनिधिमंडल हरोली उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भी मिला और राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए सहयोग का आग्रह किया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा