शिमला में दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू, 5 देश ले रहे हिस्सा
शिमला, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ किया। यह प्रतियोगिता 11 अप्रैल तक चलेगी। इसमें भारत, श्रीलंका, मालदीव, बांग्लादेश और नेपाल सहित पांच देशों के 100 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश में पहली बार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और प्रदेश के युवाओं को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और उन्हें जीवन में सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए भी प्रेरित करती हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा