कांग्रेस सरकार के बीच सोलन बीडीसी पर भाजपा का कब्जा, प्रमिला शर्मा अध्यक्ष और गोपाल सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित

 




सोलन, 16 जून (हि.स.)। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने सोलन ब्लॉक विकास समिति (बीडीसी) पर अपना राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों महत्वपूर्ण पद अपने नाम किए।

बीडीसी अध्यक्ष पद पर प्रमिला शर्मा निर्वाचित हुईं। चुनाव में उन्हें 9 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी पूनम को 7 वोट मिले। एक मत अमान्य घोषित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित गोपाल सिंह ने 10 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी हुकम चंद को 6 मतों से संतोष करना पड़ा।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी मौके पर पहुंचे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई दी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रमिला शर्मा और उपाध्यक्ष गोपाल सिंह ने अपनी जीत का श्रेय भाजपा संगठन और विशेष रूप से डॉ. राजीव सैजल के मार्गदर्शन को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीडीसी के माध्यम से क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा